महेंद्रगढ़। मसानी चौक से मोहल्ला सैनीपुरा तक जाने वाले मार्ग पर सीवरेज के ऊंचे ढक्कन लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। करीब दो किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर दस से अधिक सीवरेज ढक्कन सड़क की सतह से करीब आधा फुट ऊपर बने हुए हैं। इससे वाहन चालकों, खासकर दुपहिया सवारों को हादसे का डर बना रहता है।
स्थानीय लोगों घीसाराम सैनी, अनिल, संजीव, धर्मेंद्र और नरेश शर्मा ने बताया कि दिन के समय चालक किसी तरह इन ढक्कनों से बचकर निकल जाते हैं लेकिन रात के समय समस्या और बढ़ जाती है। अंधेरे में ऊंचे ढक्कन दिखाई नहीं देते जिससे बाइक सवार इनके टकराकर गिरने का खतरा बना रहता है।
लोगों का कहना है कि नगरपालिका की ओर से करीब एक वर्ष पहले इस मार्ग का निर्माण कराया गया था लेकिन सीवरेज ढक्कनों की ऊंचाई को सड़क के लेवल के अनुसार ठीक नहीं किया गया। अब यही ढक्कन राहगीरों के लिए नई मुसीबत बन गए हैं।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग को समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द सीवरेज ढक्कनों को सड़क की सतह के बराबर किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।
वर्जन:
शहर में जहां-जहां पर सीवरेज के ढक्कन ऊपर उठे हुए या टूटे हुए उनको शीघ्र ही ठीक करवा दिए जाएंगे। मानसून के बाद इन सीवरेज के ढक्कनों को बदलने का कार्य किया जाएगा।
-सतीश, जेई जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, महेंद्रगढ़