राजस्थान की एक ढाणी से अपने मामा की बारात में बलाहा खुर्द आई एक छह वर्षीय मासूम बच्ची से
दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। शुक्रवार देर रात बरात में ही आए 23 वर्षीय युवक ने इस घटना को अंजाम दिया। घायल बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे झुंझनु के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित बच्ची के परिजनों के बयान पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
राजस्थान की एक ढाणी से शुक्रवार देर शाम बारात बलाहा खुर्द आई थी। बारात में दुल्हे की छह वर्षीय भांजी भी बलाहा खुर्द आई थी। देर रात करीब 11 बजे स्टेज पर जब वरमाला का कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच बाराती बिमलेश जाखड़ (23) ने बच्ची को गोद में उठा कर शादी समारोह से दूर अंधेरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के चीखने-चिल्लाने पर मौके पर लोगों को आते देख आरोपी वहां से फरार हो गया।
इसके बाद लोगों ने बच्ची की तुरंत सूरजगढ़ के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे झंझनु रेफर कर दिया। यहां बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है। इस बीच परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने झुंझनु जाकर पीड़िता का मेडिकल करवा आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।