नारनौल। नववर्ष के आगमन पर जिले में कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए महेंद्रगढ़ पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आई। पुलिस ने जिलेभर में 50 से अधिक स्थानों पर नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच की गई। इससे हुड़दंगियों के हौसले पस्त रहे।
सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता को देखते हुए एसपी पूजा वशिष्ठ ने स्वयं कमान संभाली। उन्होंने देर रात विभिन्न नाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा में ढिलाई न बरती जाए। संदिग्ध वाहनों की बारीकी से जांच के साथ-साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
एसपी ने स्पष्ट किया कि ड्रंक एंड ड्राइव और तेज रफ्तार वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई। इसका उद्देश्य नागरिकों को एक सुरक्षित माहौल प्रदान करना था ताकि वे भयमुक्त होकर नववर्ष का स्वागत कर सकें। ठंडी हवा के साथ हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बावजूद महेंद्रगढ़ पुलिस के जवान अपनी ड्यूटी पर डटे रहे।