नारनौल। अनाज मंडी के एक व्यापारी की गलती से दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर हुई रकम को वापस दिलाने में साइबर थाना नारनौल एवं झज्जर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से सफलता मिली।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फैजल खान ने बताया कि व्यापारी घनश्याम मित्तल छापड़ा वाले ने अपनी बेटी के बैंक खाते में यूपीआई के माध्यम से 32,500 रुपये ट्रांसफर किए थे। हालांकि, यूपीआई के माध्यम से भुगतान करते समय गलती से उक्त राशि किसी अन्य व्यक्ति के बैंक खाते में ट्रांसफर हो गई। कुछ समय बाद जब घनश्याम मित्तल को अपनी गलती का एहसास हुआ तो उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी अखिल भारतीय उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच के प्रधान अमित गोयल को दी।
अमित गोयल ने तत्काल साइबर क्राइम सेल के अधिकारियों को सूचित किया। साइबर टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए जिस बैंक खाते में राशि ट्रांसफर हुई थी, उसकी जानकारी जुटाई गई। जांच में उक्त खाता झज्जर से संबंधित पाया गया। जो बैंक खाता काफी समय से बंद था। मामले की जानकारी तत्काल साइबर क्राइम शाखा झज्जर के अधिकारियों के साथ साझा की गई व संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित किया गया, जिसके परिणामस्वरूप 32,500 रुपये की पूरी राशि घनश्याम मित्तल को वापस दिलाई गई।