फोटो नंबर-13मोहल्ला देवस्थान के बूस्टिंग स्टेशन पर नई मोटर लगाते विभाग के कर्मचारी। संवाद
नारनौल। करीब 10 दिन से पेयजल संकट झेल रहे देवस्थान मोहल्ले के लोगों को अब राहत मिली है। बूस्टिंग स्टेशन की खराब मोटर के कारण मोहल्ले के कई हिस्सों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा था। लगातार समस्या बने रहने के बाद जनस्वास्थ्य विभाग ने बूस्टिंग स्टेशन पर नई मोटर लगा दी। रविवार को नई मोटर चालू कर पेयजल आपूर्ति बहाल की गई।
पूर्व पार्षद घनश्याम शर्मा ने बताया कि देवस्थान बूस्टिंग स्टेशन की पुरानी मोटर काफी समय से खराब हालत में थी। वह हर एक-दो महीने में खराब हो जाती थी। विभाग उसे मरम्मत के बाद दोबारा लगा देता था लेकिन इस बार मरम्मत के बाद भी मोटर पर्याप्त प्रेशर नहीं बना पा रही थी। इसका सबसे ज्यादा असर मोहल्ले के ऊंचाई वाले हिस्सों पर पड़ा जहां पानी पहुंचना मुश्किल हो गया था।
पेयजल समस्या से परेशान मोहल्ले की महिलाओं ने भी प्रदर्शन कर जल्द समाधान की मांग की थी। इस समस्या को अमर उजाला ने 4 अक्तूबर के अंक में प्रमुखता से उठाए था।
रविवार को नई मोटर लगाकर पानी की सप्लाई शुरू की गई। घनश्याम शर्मा के अनुसार अब मोहल्ले के अधिकांश हिस्सों में पर्याप्त पानी पहुंच रहा है और लोगों को बड़ी राहत मिली है।
उन्होंने बताया कि देवस्थान मोहल्ला ऊंचाई वाले क्षेत्र में होने के कारण यहां पानी का पर्याप्त दबाव बनाए रखना हमेशा चुनौती रहा है। नई मोटर लगने से फिलहाल समस्या का समाधान हुआ है। पानी की आपूर्ति सुधरने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और विभाग का आभार जताया।