कनीना। उप नागरिक अस्पताल कनीना में ठंड के कारण खांसी, जुकाम, बुखार व वायरल संक्रमण के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन औसतन 80 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं जिनमें सबसे अधिक संख्या बुजुर्गों और बच्चों की है।
चिकित्सकों के अनुसार बदलते मौसम, ठंडी हवाओं और तापमान में अचानक गिरावट के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। अधिकतर मरीज खांसी, जुकाम, बुखार, गले में खराश और बदन दर्द की शिकायत लेकर आ रहे हैं।
उप नागरिक अस्पताल कनीना के चिकित्सक डॉ. जितेंद्र मोरवाल ने बताया कि ठंड के मौसम में रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने से बच्चे और बुजुर्ग जल्दी बीमार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वायरल बुखार से घबराने की जरूरत नहीं है लेकिन लापरवाही बीमारी को गंभीर बना सकती है।
डॉ. मोरवाल ने नागरिकों को ठंड से बचाव के लिए विशेष सावधानियां बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गर्म कपड़े पहनें, ठंडी हवा से बचें, ठंडे खाद्य पदार्थों का सेवन न करें और पर्याप्त मात्रा में गर्म पानी व तरल पदार्थ ले। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से सुबह-शाम घर के अंदर ही रखे।