फोटो संख्या:74- गांव खुडाना में आईएमटी के लिए प्रस्तावित भूमि---संवाद
महेंद्रगढ़। आईएमटी परियोजना के लिए महेंद्रगढ़-भिवानी लोकसभा सांसद चौधरी धर्मबीर ने सीएम के प्रधान सचिव को पत्र लिखकर धरातल पर उतारने के लिए सुझाव दिए हैं। विकाससमिति सदस्य संदीप मालड़ा ने बताया कि सांसद ने मुख्यमंत्री से कार्यों में तेजी लाने की मांग की थी।
सांसद ने मुख्यमंत्री को सुझाव दिया था कि आईएमटी की स्थापना के लिए गांव खुड़ाना की जो भी पंचायती भूमि ली जानी है सरकार सबसे पहले उस जमीन को लेकर उसका मुआवजा पंचायत को देने को काम करे।
ऐसा करने से आसपास के किसानों एवं आमजन में ये विश्वास जाएगा कि ये परियोजना तेज रफ्तार से सिरे चढ़ेगी। सरकार इस प्रोजेक्ट पर संवेदनशील है। जमीन तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने के लिए एक कमेटी का गठन किया जाए।
इस कमेटी में गांव के सरपंच, गांव एवं आसपास कुछ अन्य सक्रिय ग्रामीण, एचएसआईआईडीसी के अधिकारी, प्रशासन के कुछ अधिकारी के साथ-साथ उपमंडल अधिकारी एवं स्थानीय विधायक को भी उस कमेटी में शामिल किया जाए।
कमेटी का गठन आईएमटी स्थापना की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने, भूमि लेने में आ रही कठिनाइयों को दूर करने एवं बेहतर तालमेल बनाने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा। यह परियोजना न केवल महेंद्रगढ़ बल्कि भिवानी, दादरी सहित पूरे दक्षिण हरियाणा के लिए अति महत्वपूर्ण परियोजना बताया है।