कनीना। डीएवी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी को दोबारा शुरू करवाने की मांग तेज होने लगी है। संस्थान को फिर से संचालित करने के लिए पूर्व सैनिकों ने आवाज उठाते हुए सरकार और डीएवी प्रबंधन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे कैप्टन भरपूर सिंह ने कहा कि यह संस्थान वर्ष 1993 में शुरू हुआ था। यहां देशभर से विद्यार्थी इंजीनियरिंग की उच्च स्तरीय शिक्षा प्राप्त करने के लिए आते थे।
संस्थान से शिक्षा प्राप्त करने वाले कई विद्यार्थी आज विभिन्न पदों पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017-18 के आसपास संस्थान बंद हो गया और तब से यहां शैक्षणिक गतिविधियां ठप पड़ी हैं।
इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलने वाली एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक सुविधा समाप्त हो गई है। बैठक में हरेंद्र शर्मा ने कहा कि कनीना जैसे क्षेत्र में इतने बड़े शिक्षण संस्थान का बंद रहना चिंताजनक है। इसे दोबारा शुरू किया जाना चाहिए, ताकि क्षेत्र के बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर मिल सकें।
उन्होंने सरकार और डीएवी प्रशासन से संस्थान को पुनः संचालित करने की दिशा में ठोस पहल करने की अपील की। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी क्षेत्र के ग्रामीणों ने डीएवी संस्थान को दोबारा शुरू करवाने की मांग उठाई थी।
बेवल में हरेंद्र शर्मा की अध्यक्षता में हुई जनसभा में भी बच्चों के भविष्य और क्षेत्र के शैक्षणिक विकास को ध्यान में रखते हुए संस्थान को फिर से शुरू करने की मांग की गई थी।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया था कि यह पहल किसी व्यक्ति या संस्था के विरोध में नहीं, बल्कि क्षेत्र के बच्चों के बेहतर भविष्य और शिक्षा के हित में है। संवाद