फोटो नंबर-19बाजार में एक दुकान से लड़ियां खरीदते लोग। संवाद
नारनौल। दीपावली से पहले शहर के बाजारों में फिर से रौनक लौट आई है। शहर के मुख्य बाजारों में इन दिनों लड़ियों, सजावटी लाइटों और इलेक्ट्रॉनिक सजावट के सामानों की धूम मची है। लोग अपने घरों को रोशनी से जगमगाने के लिए तरह-तरह की रंगीन लाइटें खरीदने में व्यस्त हैं।
इस वर्ष बाजार की सबसे बड़ी खासियत यह है कि भारतीय कंपनियों की लाइटें अब चीनी उत्पादों की जगह ले रही हैं। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक अब स्वदेशी उत्पादों पर भरोसा जता रहे हैं क्योंकि ये लाइटें क्वालिटी, टिकाऊपन और कीमत के मामले में बेहतर साबित हो रही हैं। शहर के महावीर चौक, रेस्ट हाउस रोड, पुल बाजार, आजाद चौक और किला रोड पर सैकड़ों दुकानों और करीब 50 अस्थायी स्टॉलों पर लाइटों की बिक्री जोर-शोर से जारी है।
दुकानदारों के अनुसार इस बार बाजार में स्वदेशी लाइटों की मांग सबसे अधिक है। लड़ी लाइटें 50 से 600 रुपये तक जबकि रोप लाइट 30 से 70 रुपये प्रति मीटर के हिसाब से बिक रही हैं। इसके अलावा वॉटर फॉल लड़ी, स्टार लड़ी और क्रिस्टल लड़ी की भी खूब मांग है, जिनकी कीमत 250 से 300 रुपये के बीच है। वहीं, रंग-बिरंगी घूमने वाली बल्ब लाइटें 70 रुपये में ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं।
बाजारों में बढ़ती भीड़ और रोशनी से त्योहार का उल्लास साफ झलक रहा है। दुकानदारों ने बताया कि इस बार लोग न सिर्फ अपने घरों बल्कि दुकानों और दफ्तरों को भी देसी लाइटों से सजा रहे हैं। स्वदेशी उत्पादों की बढ़ती मांग को देखकर व्यापारी भी उत्साहित हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि इस दीपावली पर बिक्री पिछले सालों के मुकाबले काफी अधिक होगी।
बाक्स-
दीपावली पर रंग-बिरंगी लाइटों से घरों और दुकानों को सजाने के लिए लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। इस बार बाजार में स्वदेशी लड़ियां ही बेची जा रही हैं। इनमें कई प्रकार की वेरायटी आ रही है।-हिमांशु अग्रवाल, इलेक्ट्रॉनिक सजावट विक्रेता