फोटो संख्या:=77 नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में ओपीड़ी के बाहर लगी मरीज की लंबी लाइन---संवाद
महेंद्रगढ़। एक सप्ताह से मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव का असर अब लोगों के सेहत पर दिखाई देने लगा है। दिन में गर्मी और रात में हल्की सर्दी के चलते खांसी, जुकाम मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल में रोजाना आने वाले खांसी जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। इनमें सबसे अधिक बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं, जो मौसम के बदलाव की चपेट में आ रहे हैं। रात के तापमान में हो रहे अंतर के कारण शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो रही है, जिससे वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। खांसी-जुकाम की शिकायत लेकर लोग ओपीडी में पहुंच रहे हैं।
चिकित्सक डॉ. मंदीप ने बताया कि मौसमी संक्रमण से बचने के लिए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बिना जरूरत बाहर निकलने से बचें और बच्चों-बुजुर्गों को ठंडी हवा से बचाएं। अस्पताल के सूत्रों के अनुसार मरीजों की बढ़ती संख्या के बावजूद नागरिक अस्पताल में दवाओं की कोई कमी नहीं है।
अस्पताल में खांसी-जुकाम और बुखार जैसी आम बीमारियों के उपचार के लिए सभी आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी नियमित रूप से लगाई गई है ताकि किसी भी मरीज को असुविधा न हो। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने खान-पान पर ध्यान दें, गुनगुना पानी पिएं, विटामिन सी युक्त फल खाएं और ठंडी चीजों से परहेज करें।