गर्मी और उमस का मौसम लोगों को बीमार बना रहा है। नागरिक अस्पताल में पेट दर्द, उल्टी-दस्त से ग्रस्त करीब 100 से 150 मरीज प्रतिदिन पहुंच रहे हैं। चिकित्सक इन मरीजों का उपचार तो कर रहे हैं साथ में बचाव की सलाह भी दे रहे हैं।
नागरिक अस्पताल में बुजुर्गों की ओपीडी हो चाहे नवजात शिशु या फिर सामान्य ओपीडी में उल्टी दस्त के मरीज पहुंच रहे हैं। इन मरीजों में डिहाइड्रेशन की वजह से हाथ-पैर में ऐंठन व दर्द की परेशानी बढ़ रही है। यह स्थिति पिछले 10 दिन से बनी हुई हैं। लोग उल्टी-दस्त और शरीर में पानी की कमी के भी शिकार हो रहे हैं। चिकित्सक भी लगातार तरल पदार्थ पीते रहने की सलाह दे रहे हैं।
उल्टी-दस्त के मरीजों को करना पड़ रहा भर्ती:
इस बार गर्मी रिकार्ड तोड़ रही है। जिसका असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखाई दे रहा है। नारनौल के नागरिक अस्पताल की बात करे तो 8 से 10 उल्टी दस्त के मरीजों की हालात खराब होने की वजह से भर्ती भी करना पड़ रहा है।
ऐसे करे गर्मी से बचाव
-ओआरएस का पानी पीते रहें।
-पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं।
- तला हुआ खाना खाने से बचें।
-गरिष्ठ भोजन न करें।
-तरल पेय पदार्थों का सेवन करें।
-धूप में बाहर निकलते समय सिर पर कपड़ा रखे।
-बच्चे व बुजुर्ग दोपहर में बाहर निकलने से बचे।
डिहाइड्रेशन के लक्षण:
-जी मिचलाना, उल्टी दस्त होना, चक्कर आना, चिड़चिड़ापन महसूस होना, सिर दर्द, पेट में मरोड़ उठना, मुंह सूखना जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सक के पास जाना चाहिए ताकि समय से उपचार शुरू हो सके।
उल्टी दस्त के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उल्टी दस्त की ज्यादा समस्या होने पर मरीजों को अस्पताल में भर्ती भी करना पड़ रहा है। ऐसे में मरीजों को ओआरएस का घोल समय-समय पर पीते रहना चाहिए।
डॉ. जितेंद्र यादव, फिजिशियन, नागरिक अस्पताल, नारनौल।