शहर में एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने चार युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया। मामले में चार आरोपियों चिरंजी, मुकेश, संदीप व विकास को शुक्रवार शाम सुभाष पार्क के सामने से गिरफ्तार किया है। चारों आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपियों को 14 दिन के लिए नसीबपुर जेल भेज दिया।
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि एक महिला अपनी बहन से मिलने के लिए 13 फरवरी को दिल्ली जा रही थी। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नारनौल बस स्टैंड पर बस के इंतजार में खड़ी थी। उसी दौरान महेंद्रगढ़ निवासी रोशन लाल सैनी उससे मिला। पीड़िता ने अपनी बहन से मिलने दिल्ली जाने की बात कही। पीड़िता का कहना है कि आरोपी उसकी बहन के यहां आता रहता है। जिससे उसे जान पहचान थी। आरोपी ने उसे नौकरी दिलाने की बात की व नौकरी दिलाने के बहाने उसे बाइक पर बैठाकर सुभाष पार्क के पास एक गली में ले गया। जहां पर एक व्यक्ति से काम को लेकर बातचीत हुई। इसके बाद रोशन लाल मौके से चला गया। दूसरे व्यक्ति ने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दे दिया जिसके पीने से वह बेहोश हो गई। जब होश में आई तो अपने आप को असहज महसूस करने लगी। उसके कमरे में चार युवक बैठे थे। चारों ने कहा कि जिस काम के लिए बुलाया था, वह काम हो गया है। इस बारे में किसी को बताया तो जान से मार देंगे। पीड़िता ने देर रात घर पहुंचकर बहन व जीजा को बताई। पीड़िता परिजनों के साथ शुक्रवार को महिला थाना पहुंची और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने आरोपियों पर सामूहिक दुष्कर्म करने, नशीला पदार्थ देने, जान से मारने की धमकी देने व एससी/एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। शिकायत मिलने पर तुरंत महिला प्रबंधक ने मामला पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के संज्ञान में लाया गया। पुलिस अधीक्षक ने तुरंत गैंग रेप का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए। पुलिस को सूचना मिली की आरोपी जहां दुष्कर्म हुआ है वहीं एक गेस्ट हाउस में हैं। सूचना पाकर पुलिस टीम डीएसपी विनोद कुमार के नेतृत्व में गेस्ट हाउस पर पहुंची तो गेस्ट हाउस पर मैनेजर की नौकरी करने वाले संदीप को पीड़िता ने पहचाना। जिससे अन्य आरोपियों चिरंजी, मुकेश, संदीप, विकास को वहीं मौके पर पूछताछ करने के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि इस सामूहिक दुष्कर्म के अन्य आरोपी रोशन लाल व अन्य की अभी गिरफ्तारी बकाया है जिसको भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।