महेंद्रगढ़। महाविद्यालय के खेल मैदान में होने वाले धन्यवाद कार्यक्रम के पोस्टरों और बैनरों से गायब रहे पूर्व शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा को मंच की प्रथम पंक्ति में लगी कुर्सियों पर स्थान मिला।
इतना ही नहीं लंबे समय से चल रहे मनमुटाव के बावजूद भी विधायक कंवर सिंह यादव ने स्वयं प्रो. रामबिलास शर्मा का मंच पर पहुंचते ही स्वागत किया। धन्यवाद कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री महेंद्रगढ़ में दो धड़ों में बंटे भाजपा के कुनबे को एकमंच पर लाने में सफल रहे।
धन्यवाद कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उमड़ी भीड़ को देखकर गदगद हो गए। अभिवादन के दौरान उन्होंने पूर्व शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा व वर्तमान विधायक कंवर सिंह यादव के हाथों में हाथ डालकर दोनों के बीच विधान सभा चुनावों के समय से चल रहे मनमुटाव को भी दूर कराने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का हैलीकॉप्टर 3:25 बजे पंडाल से 200 मीटर दूरी पर बने हेलीपैड पर उतरा। मुख्यमंत्री ने 40 मिनट के भाषण में चार बार महेंद्रगढ़ की जनता का अभार जताया। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने मंच को झुककर नमन किया। मुख्य मंच के ठीक सामने ऑपरेशन सिंदूर की बनी रंगोली भी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। 5:25 बजे हैलीकॉप्टर से मुख्यमंत्री चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए। धन्यवाद कार्यक्रम में करीब छह हजार लोग शामिल हुए। मंडल अध्यक्षों की ओर से मुख्यमंत्री को हल भेंटकर स्वागत किया गया।
- उम्मीदों को लगा झटका
महेंद्रगढ़ क्षेत्र की जनता को मुख्यमंत्री के धन्यवाद कार्यक्रम से उम्मीद थी कि सीएम आईआईटी, आईएमटी खुडाना, महेंद्रगढ़ बाईपास व अन्य कोई बड़ी घोषणा कर सौगात देंगे। लेकिन कार्यक्रम में इनका जिक्र नहीं किया गया जिससे लोगों की उम्मीदों को झटका लगा। वहीं शहर के विकास के लिए नगरपालिका की ओर से की गई मांग सहित, आईआईटी की घोषणा के बाद कक्षाएं शुरू कराने पर्याप्त व्यवस्था का हवाला भी विधायक ने दिया लेकिन इसपर कोई घोषणा नहीं हुई।
- सांसद को प्रथम पंक्ति की कुर्सियों पर नहीं मिला स्थान
महेंद्रगढ़-भिवानी सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह जब प्रथम पंक्तियों में लगी कुर्सियों पर बैठने लगे तो पुलिस के कुछ अधिकारियों ने उन्हें पीछे की लाइन में लगी कुर्सी पर बैठने के लिए कहा तो सांसद मंच पर ही पुलिस अधिकारियों से उलझते दिखे। हालांकि कुछ देर बाद दूसरी पंक्ति में बैठने के बाद फिर से पहली पंक्ति की कुर्सी पर स्थान मिला। कार्यक्रम में नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव, पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा, पूर्व मंत्री अभय सिंह यादव, पूर्व विधायक सीताराम यादव, राव बहादुर सिंह, दयाराम यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष यतींद्र राव, भाजपा जिला प्रभारी शंकर धूपड़, जिला परिषद चेयरमैन राकेश कुमार, अभिमन्यु यादव इत्यादि मौजूद रहे।
फोटो संख्या:81- रैली के दौरान पूर्व शिक्षामंत्री का स्वागत करते विधायक कंवर सिंह यादव--संवाद