फोटो 6गांधी बाजार में भरे पानी में बंद हुई स्कूटी।संवाद
नांगल चौधरी। क्षेत्र में मंगलवार सुबह तेज हवाओं के साथ मानसून का आगमन होते ही जोरदार बारिश हुई। क्षेत्रवासियों ने गर्मी में राहत महसूस की तो वहीं जलभराव के कारण स्थानीय दुकानदारों को काफी परेशानियों को सामना करना पड़ा। सीजन की जोरदार बारिश ने पानी निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी।
सड़कें नालों में तब्दील हो गईं और कई दुकानों व नीचे पड़े घरों में पानी घुस गया। इसके पीछे यह भी कारण रहा कि बारिश से पहले नालों की सफाई नहीं करवाई गई। इस कारण पानी सड़कों पर बहने लगा।
सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वालों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कुछ स्थानों पर टू-व्हीलर और रिक्शा पानी में बंद हो गए। लोगों ने मांग की है कि पानी निकासी के लिए बनी नालियों की नियमित सफाई हो।
बारिश से पहले पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि हर बार की तरह जलभराव से जनजीवन प्रभावित न हो। वहीं, बाजरे की मुरझाई फसल के लिए आसमान से सोना बरसा है, जिससे किसानों के चेहरे खिल गए हैं।