महेंद्रगढ़। शिक्षा विभाग की ओर से 22 जनवरी से कक्षा दसवीं और 12वीं की प्री-बोर्ड की परीक्षाएं शुरू की जा रही हैं। जनवरी अंत तक परीक्षाएं चलेंगी और इसके बाद विद्यार्थियों का मूल्यांकन किया जाएगा। मूल्यांकन के लिए विभाग की ओर से महेंद्रगढ़ खंड में मेगा मॉनिटरिंग होगी और हर स्कूल में जाकर विद्यार्थियों की विभिन्न विषयों पर पकड़ जांची जाएगी।
बता दें कि शिक्षा विभाग की ओर बोर्ड परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने के लिए कमर कसी गई है। इसके लिए अभी से तैयारी भी शुरू हो चुकी हैं। विद्यार्थियों को गृह कार्य में अब तक का पाठ्यक्रम दोहराने का कार्य दिया गया है जबकि कक्षाएं लगने पर दोहराई कराई जाएगी।
अवकाश समाप्ति के पहले दो दिन तक गृह कार्य जांच चलेगी और शिक्षक अपने स्तर पर विद्यार्थियों के कार्य का मूल्यांकन करेंगे। इसके बाद दोहराई शुरू होगी। 22 जनवरी से परीक्षाएं शुरू होकर जनवरी अंत तक समाप्त होंगी। हालांकि, परीक्षाओं का परिणाम भी जल्द ही जारी किया जाएगा।
इसके बाद मेगा मॉनिटरिंग की तैयारी की जाएगी। परीक्षाओं में विद्यार्थियों की परीक्षा तैयारी का पता चलेगा और इसमें हर विद्यार्थी को भी उसके कमजोर विषयों की जानकारी मिलेगी। इससे विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा के लिए स्वयं को तैयार कर पाएगा और परीक्षा में अच्छे अंकों से उत्तीर्ण भी हो सकेगा।
मॉनिटरिंग के लिए गठित होंगी टीमें
मेगा मॉनिटरिंग के लिए खंड स्तर पर टीमें गठित की जाएंगी। इसमें सीनियर प्रवक्ता, बीआरपी, एबीआरसी आदि की टीमें बनाई जाएंगी। ये टीमें हर स्कूल में जाकर विद्यार्थियों का मौखिक टेस्ट लेंगी और इसके बाद स्कूल की रिपोर्ट तैयार कर बीईओ कार्यालय में जमा करेंगी। साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी भी टीम के साथ स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों का मूल्यांकन करेंगी।
मूल्यांकन के आधार पर तैयार होगा प्लान
विभाग की ओर से प्रत्येक विद्यार्थी का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके बाद मास्टर प्लान तैयार होगा और विद्यार्थियों की कमजोरी पर मजबूत पकड़ बनाई जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर बोर्ड परीक्षा वाले विद्यार्थियों की अतिरिक्त कक्षाएं भी शुरू की जा सकती हैं। अब परीक्षा होने पर मास्टर योजना तैयार होगी।
-
- वर्जन:
कक्षा दसवीं और 12वीं की परीक्षाएं 22 जनवरी से शुरू हो रही हैं। विद्यार्थियों के मूल्यांकन के लिए परीक्षा के बाद मेगा मॉनिटरिंग होगी। परीक्षा में विद्यार्थियों के प्रदर्शन के आधार पर मास्टर प्लान तैयार होगा।-अलका, खंड शिक्षा अधिकारी, महेंद्रगढ़