बस अड्डे के बूथ से बस को हटाने को लेकर हुए विवाद में सहकारी समिति की बस के चालक ने रोडवेज बुकिंग परिचालक के मुंह पर मुक्का जड़ दिया। जिसमें रोडवेज के परिचालक का दांत टूट गया। पुलिस ने सहकारी समिति की बस के परिचालक को गिरफ्तार कर लिया।
महेंद्रगढ़-कनीना-रेवाड़ी रूट पर रोडवेज तथा सहकारी समितियों के बराबर के टाइम हैं। तीन दिन पहले सहकारी समिति की बस रेवाड़ी से महेंद्रगढ़ आ रही थी। बस का कनीना बस अड्डे में सवारी उतारकर महेंद्रगढ़ की ओर जाने के लिए महज 3 मिनट का समय होता है। सहकारी समिति का चालक तय समय पर बस को नहीं ले गया। इस दौरान रोडवेज की बस का समय भी हो गया। रोडवेज बस के लिए बुकिंग कर रहे परिचालक उमेद सिंह ने कहा कि बस को ले जाएं। सहकारी समिति का बस चालक बस को ले जाने की बजाए विवाद करने लगा। दोनों के बीच कहासुनी हो गई। जिसमें सहकारी समिति के बस चालक रविंद्र ने उमेद के मुंह पर मुक्का मारा। जिसमें उमेद सिंह का दांत टूट गया। पीड़ित की शिकायत को लेकर कनीना सिटी पुलिस ने मामला दर्ज करने की वाहन चालक रविंद्र को गिरफ्तार कर लिया। बुुधवार को कनीना न्यायालय में पेश किया। अदालत ने उसे 14 दिन के लिए ज्यूडिशियल कस्टडी में रेवाड़ी भेज दिया।