फोटो नंबर-25जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय।
नारनौल। गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य, सुंदर और आकर्षक बनाने में स्कूली विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का विशेष योगदान रहता है। जनवरी में पड़ रही कड़ाके की ठंड और शीतकालीन अवकाश को देखते हुए शिक्षा विभाग ने विशेष निर्देश जारी किए हैं। कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को अवकाश के दौरान भी स्कूल बुलाकर अभ्यास कराने के आदेश दिए हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डीओसी रमेश कुमार ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर स्कूलों के साथ बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में उन सभी स्कूल संचालकों और प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए जो इस आयोजन में भाग लेना चाहते हैं।
उन्हें समय रहते अपने विद्यार्थियों की तैयारियां पूरी कराने को कहा। उन्होंने बताया कि शीतकालीन अवकाश के दौरान विद्यार्थियों को दोपहर के समय बुलाकर अभ्यास कराया जाए ताकि सुबह की ठंड से बच्चों को परेशानी न हो और उनकी सेहत पर भी कोई विपरीत प्रभाव न पड़े।
डीओसी रमेश कुमार ने बताया कि अब 26 जनवरी में बहुत कम समय शेष रह गया है। जैसे ही स्कूल पुनः खुलेंगे, सभी स्कूलों की सामूहिक रिहर्सल आईटीआई मैदान में कराई जाएगी। इसके बाद विभिन्न प्रस्तुतियों के आधार पर स्कूलों का चयन किया जाएगा जिन्हें जिलास्तरीय कार्यक्रम में प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य यह है कि गणतंत्र दिवस समारोह में विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां अनुशासित, आकर्षक और देशभक्ति से ओतप्रोत हों ताकि कार्यक्रम को एक यादगार स्वरूप दिया जा सके।