नारनौल। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान जिला प्रशासन की ओर से प्रेस नोट जारी किया गया। जिसमें बताया गया कि जिले में बिजली आपूर्ति सामान्य की जा रही है और 58 में से 35 बिजली घर चालू कर दिए गए हैं। जिसके बाद लोगों में बिजली आपूर्ति बहाल होने की अफवाह चारों तरफ फैल गई और लोग एक-दूसरे से बिजली के बारे में जानकारी लेने लगे। लेकिन प्रेस नोट जारी होने के 24 घंटे बाद भी जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रही। जिससे लोगों में असमंजस की स्थिति बनी रही।
वहीं 22 अक्तूबर की रात करीब 8 बजे हुडा सेक्टर की लाइट 20 मिनट तक चालू रही और अन्य क्षेत्र की बिजली गुल रही। सेक्टर में 20 मिनट तक जारी बिजली की चर्चा सोशल मीडिया पर घंटों तक चलती रही और लोग प्रशासन से सवाल करते नजर आए कि क्या केवल सेक्टर में ही लोग रहते हैं, जिले में अन्य स्थान पर नहीं। हालांकि हुडा सेक्टर में बिजली केवल 8.30 बजे तक ही रही और उसके बाद अब तक हुडा सेक्टर सहित जिले में कहीं भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है।