प्रशासनिक भवन महेंद्रगढ़ में डीसी ने कैंप कार्यालय में लोगों की समस्या सुनी। इस मौके पर 22 लोगों द्वारा समस्याएं रखी गई। इनमें से ज्यादातर का मौके पर ही समाधान किया तथा शेष को अधिकारियों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोरोना काल में प्रशासन का फोकस संक्रमण को रोकने में रहा है। अब उसी प्रकार निरंतरता से नागरिकों की समस्याएं सुनी जाएं। आज आने वाली शिकायतों में अधिकतर शिकायतें जमीनी विवाद, रास्तों व नालियों की समस्याएं, बुढ़ापा पेंशन व कब्जे से संबंधित समस्याएं थी।
सतनाली चौक पर स्टेट हाईवे पर जर्जर अवस्था रोड को लेकर दुकानदार और अधिवक्ता डीसी अजय कुमार से मिले। बार प्रधान अजीत यादव, उपप्रधान धर्मवीर सिंह, महिला अधिवक्ता अजनेश सहित अन्य अधिवक्ताओं ने बताया कि रिवासा फाटक से लेकर सतनाली चौक तक स्टेट हाईवे जर्जर हो रही है। इस रोड पर बने गड्ढे हादसों को निमंत्रण दे रहे हैं। बरसात के समय में इन गड्ढों में पानी भर जाता हैं जिससे कई बार हादसा हो चुका हैं। उन्होंने इस रोड को पुन ठीक करवाने की मांग की।
वहीं दुकानदार छोटूूराम मिस्त्री, प्रदीप मिस्त्री, बॉबी पेंटर रोहताश व सुरेंद्र ने बताया कि सतनाली चौक पर रोड पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं जिससे कोई बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। इस रोड पर पेट्रोल पंप पर सीएनजी गैस भरवाने को लेकर वाहनों की लंबी कतार लगी रहती हैं जिससे लंबा जाम लगा रहता हैं कई बार तो झगड़े हो जाते हैं। सीवरेज ओवरफ्लो होने की वजह से रोड पर गंदा पानी भर जाता हैं।
बीपीएल कॉलोनी में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग
गांव धौली के बीपीएल कॉलोनी निवासियों ने बिजली, पानी और सड़क का उचित प्रबंध किए जाने को लेकर डीसी को मांग पत्र सौंपा। ग्रामीण सुरेश कुमार नंबरदार, अभय सिंह, सांवत सिंह, ओमप्रकाश खिच्ची, संजय कुमार, कपूर सिंह गोठवाल, धर्मपाल, हनुमान सिंह, सतीस, रोशन गोठवाल, सुनील, जयवीर आदि ने बताया कि गरीबों को 2016 में 100-100 वर्ग गज के प्लॉट अलाट किए थे। जिनमें उन्होंने अपने रिहायशी मकाना बनाकर रिहायश की हुई है परंतु आज तक यहां पर बिजली, पानी और सड़क का प्रबंध नहीं किया गया जबकि सरकार के द्वारा प्रत्येक गांव में पक्की सड़कें, बिजली और पानी का प्रबंध किया जा रहा हैं। पानी के बिना बहुत ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्लेंटी माफ करवाने को लेकर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के दुकानदारों ने एसडीएम दिनेश कुमार को मांग पत्र सौंपा। दुकानदार अशोक कुमार, सुमित कुमार, ओमप्रकाश, मोहित शर्मा, पवन कुमार और सुनील सहित अन्य दुकानदारों ने बताया कि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स नगर पालिका के छोटे-छोटे व्यापारी वर्षों पुराने किरायेदार है। पिछले पांच वर्षों से व्यापार नोटबंदी, कोरोना काल व्यापार ठप सा चल रहा है जिस कारण हम अपना किराया समय पर अदा नहीं कर पाए। बार-बार निवेदन करने के बाद भी हमारे चौबारे को नियम अनुसार नहीं बनवाया और न ही रेगुलाइज किया। सरकार की नई मलकियत स्कीम के तहत पुराने झगड़ों को मिटाकर हमारा बकाया किराया बिना प्लेंटी के एकमुश्त भरवाया जाए और आगे भी हम रेगुलर किराया भरते रहेंगे।