रेवाड़ी। वर्ष 2026 में जिले के 10 राजीव खेल स्टेडियम की दशा सुधारी जाएगी। इनमें 1.49 करोड़ रुपये की राशि से 5 स्टेडियम चकाचक होंगे। राजीव गांधी खेल परिसरों की लंबे समय से जर्जर बिल्डिंग, उखड़े मैदान, टूटी दीवारें और खराब लाइटिंग से खिलाड़ियों को हो रही परेशानी को दूर करने के लिए पहले ही बजट भेज दिया था।
प्रोजेक्ट के लिए जारी बजट पीडब्ल्यूडी के खाते में ट्रांसफर भी हो गया गया है। गुरावड़ा, आशियाकी पांचोर, मनेठी और कोसली के खेल परिसरों में मरम्मत के कार्य शुरू हो जाएंगे। धारूहेड़ा को छोड़कर जिले के चारों खेल परिसरों के लिए बजट मिलने के बाद अब टेंडर प्रक्रिया भी लगभग पूरी हो चुकी है।
तीन परिसरों में टेंडर हो गए हैं और केवल वर्क ऑर्डर जारी होना बाकी है। कोसली खेल परिसर के लिए डीएनआईटी तैयार की जा रही है, जिसके बाद उसका काम भी शुरू करा दिया जाएगा। धारूहेड़ा, बावल और नेहरूगढ़ के खेल परिसरों के लिए भी एस्टीमेट तैयार करवाया जा रहा है।
बता दें कि लंबे समय से खिलाड़ियों की तरफ से शिकायतें की जा रही थीं कि खेल परिसरों की दशा खराब है। बिल्डिंगों में शीशे टूटे हुए हैं और कहीं-कहीं दरवाजे भी नहीं है जिससे उनको बड़ी परेशानी उठानी पड़ रही है।
-
स्वीकृत बजट से होंगे महत्वपूर्ण कार्य
स्वीकृत बजट से बिल्डिंग की रिपेयरिंग, एथलेटिक ट्रैक और मैदानों को समतल करना, टूटी दीवारों की मरम्मत, स्टेडियमों में हाईमास्ट लाइट लगाने, मैदानों की सफाई व सुरक्षा व्यवस्थाओं को बेहतर करना व अन्य कार्य करवाए जाएंगे।
वर्जन
2026 में जिले के 10 राजीव खेल स्टेडियम की दशा सुधारी जाएगी। 1.49 करोड़ रुपये की राशि से 5 स्टेडियम ठीक होंगे। अन्य बचे हुए स्टेडियम के लिए प्रस्ताव तैयार करवाया जा रहा है।
- ममता देवी, कार्यवाहक जिला खेल अधिकारी