फोटो संख्या:63- राजकीय महिला महाविद्यालय की ओर से की गई तारबंदी--संवाद
महेंद्रगढ़। शहर के महिला कॉलेज के पास मोहल्ला खटीकान में शुक्रवार को नागरिकों और कॉलेज प्रशासन के बीच कहासुनी हो गई। कॉलेज की ओर से अपनी पुरानी जमीन पर फेंसिंग की गई और नागरिकों ने प्रशासन पर जबरदस्ती मोहल्ले की जमीन कब्जाने का आरोप लगाया है। वहीं प्रशासन से रास्ता दिलाने की मांग की है।
वार्ड-13 पार्षद सुरेंद्र ने बताया कि 1994 में नगर पालिका की ओर से मोहल्ले से सड़क निर्माण कराया गया था। अब इसमें सीवर और पेयजल लाइनें भी बिछाई गई हैं। मोहल्ले में घर भी इसी रास्ते के अनुसार ही बनाए गए हैं। यह लोगों का मुख्य रोड पर जाने का रास्ता है और वाहन भी इसी रास्ते से ही गुजरते हैं।
शहर के अंदर से वाहन लाते हैं तो काफी समय लग जाता है और मोहल्ले में संकरी गलियां होने के कारण वाहन अंदर तक नहीं आ रहे हैं। घर में किसी व्यक्ति की मृत्यु होती है तो पार्थिव शरीर इसी रास्ते से ले जाया जाता है और उनके श्मशान घाट भी इसके पास ही हैं।
नागरिक मुकेश व अन्य ने बताया कि नगर पालिका की ओर से इस रोड का तीन बार निर्माण कराया जा चुका है और नपा की ओर से यहां पर पार्क बनाने की योजना है। अब कॉलेज की ओर से इस जमीन पर दावा किया गया और मोहल्ले का रास्ता रोककर चारों ओर फेंसिंग की गई है।
इससे उनका आवागमन बंद हो गया है और लोगों को सड़क पर जाने के लिए करीब ढाई किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ेगी। कॉलेज की छात्राओं के लिए भी यह सुरक्षित रास्ता है। शुक्रवार को कॉलेज प्राचार्य पुलिसबल के साथ आए और फेंसिंग करवा गए। इस दौरान नागरिकों की कोई बात नहीं मानी गई और जबरदस्ती कब्जा कर लिया है।
प्राचार्य ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
कॉलेज प्राचार्य महेंद्र सिंह ने बताया कि 13 जनवरी को कॉलेज की जमीन पर सरकार के निर्देशानुसार फेंसिंग की गई थी। शुक्रवार को नागरिकों की ओर से फेंसिंग तोड़ी दी गई। इसकी सीसीटीवी फुटेज भी उनके पास है। नागरिकों की ओर से कॉलेज की जमीन पर कब्जा किया गया था और छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार किया जाता था। साथ ही यहां पर कूड़ा डालकर माहौल भी बदबूदार बनाया गया था। नागरिकों के कहासुनी व फेंसिंग तोड़ने की शिकायत एसडीएम और शहर पुलिस थाने में दी गई है। अब प्रशासन मामले में दोषियों पर कार्रवाई करेगा।