नारनौल। अयोध्या में भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सोमवार को शहर में हर तरफ इतने आयोजन हुए। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर बच्चे, बूढ़े, युवा व महिलाओं सभी में भारी उत्साह नजर आया।
शहर में भगवान राम के इस आयोजन को लेकर सुबह से ही कार्यक्रमों के आयोजन शुरू हो गए। इस आयोजन को लेकर शहर के बाजारों को गुब्बारों व फूलों से सजाया गया। वहीं सभी जगह प्रसाद वितरण किया गया। शहर के सभी मंदिर भी बड़े ही मनोहारी रूप से रंग-बिरंगी लाइटों व फूलों से सजे नजर आए। सुबह सात बजे मोहल्ला चांदुवाड़ा धार्मिक रामलीला से शहर की समस्त धार्मिक संस्थाओं द्वारा भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर रामधुन प्रभातफेरी का आयोजन किया गया। सुबह-सुबह कोहरे व सर्दी के अंदर भी राम भक्तों में पूरा जोश रहा और बच्चों से लेकर महिलाओं तक ने भगवान राम के जयकारों के साथ भजनों पर झूमते हुए प्रभातफेरी निकाली।