दुकानदारों का चालान करते हुए नप कर्मचारी।
- फोटो : Narnol
नारनौल। नगर परिषद नारनौल की टीम ने सोमवार को शहर के मुख्य बाजार महावीर चौक से पुल बाजार व आजाद चौक में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया। इस दौरान नगर परिषद कर्मचारियों ने दुकानों के बाहर सामान लगाकर बैठे करीब 25 दुकानदारों के चालान भी किया। इनसे चालान के रूप में 11500 रुपये की राशि वसूल की गई। इस मौके पर नप कर्मचारियों ने दुकानदारों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत दी।
सफाई निरीक्षक राजेश कुमार ने दुकानदारों को हिदायत देते हुए कहा कि अगर दुुकानदार दोबारा से अतिक्रमण करते हुए टीम को पाया गया तो उसका दोगुना चालान व सामान जब्त किया जाएगा। वहीं उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी सुमन लता ने बताया कि शहर में अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नप टीम द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब तक सैकड़ों दुकानदारों के चालान कर उनसे हजारों रुपये की राशि वसूल की गई है। उन्होंने दुकानदारों को हिदायत देते हुए कहा कि वे अपने सामान को दुकानों से बाहर न रखे। अगर उनका दुकान से बाहर सामान रखते हुए पाया गया तो उसका सामान जब्त किया जाएगा। ईओ ने कहा कि शहर में किसी भी सूरत में अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। अतिक्रमण हटाने के लिए एक टीम गठित की गई जोकि प्रतिदिन बाजारों में जाकर अतिक्रमण हटा रही है।