नारनौल-सिंघाना एनएच पर कार चालक ने सोमवार रात करीब दस बजे हमींदपुर गांव के पास एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता और उसके पुत्र और पुत्री की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों के शवों का मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। सदर थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार चिंडालिया गांव निवासी ओमप्रकाश (40) अपने बेटे कपिल (16) व बेटी मंजू (18) के साथ मक्सुसपुर गांव में एक शादी समारोह में गया था। रात में खाना खाने के बाद बेटे कपिल की तबीयत खराब हो गई। इस पर ओमप्रकाश अपने गांव में डॉक्टर को दिखाने के लिए कपिल को बाइक लेकर चल दिया। बाइक को ओमप्रकाश चला रहा था और कपिल को लेकर उसकी बहन मंजू पीछे बैठी हुई थी। गांव हमीदपुर नदी के पुल के थोड़ा आगे तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। कार की टक्कर से तीनों दूर जाकर गिरे। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस को दी शिकायत में चिंडालिया गांव निवासी राजेश कुमार ने बताया कि उसके ताऊ के लड़के ओमप्रकाश की बाइक के पीछे वह दूसरी बाइक से चल रहा था। राजेश के अनुसार कार चालक सोमबीर की लापरवाही से हादसा हुआ है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।