नांगल चौधरी। नांगल चौधरी से सुबह 5 बजे गुरुग्राम तक चलने वाली हरियाणा रोडवेज की बस को बंद कर दिया गया है। अब यह बस केवल नारनौल तक ही संचालित हो रही है जिससे यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए नारनौल से दूसरी बसों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह बस सेवा क्षेत्र के सैकड़ों कर्मचारियों के लिए जीवन रेखा जैसी थी। क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग गुरुग्राम, मानेसर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में निजी कंपनियों, फैक्टरियों और दफ्तरों में काम करने जाते हैं।
सुबह 5 बजे की सीधी बस होने के कारण वे समय पर अपनी ड्यूटी पर पहुंच जाते थे लेकिन अब बस के नारनौल तक सीमित हो जाने से यात्रियों को नारनौल पहुंचकर दूसरी बस पकड़नी पड़ती है।
कई बार नारनौल से गुरुग्राम जाने वाली बसों में पहले से ही भारी भीड़ होती है जिससे सीट नहीं मिल पाती है। मजबूरी में यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ता है या फिर अगली बस का इंतजार करना पड़ता है।
ऐसे में कई लोग समय पर ड्यूटी पर नहीं पहुंच पा रहे हैं जिसका असर उनकी नौकरी पर भी पड़ने लगा है। यात्रियों का कहना है कि निजी बस या टैक्सी से रोजाना सफर करना हर किसी के बस की बात नहीं है क्योंकि इससे किराया काफी बढ़ जाता है।
लोगों का कहना है कि यदि यह बस सेवा फिर से बहाल नहीं की गई तो क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों की रोजी रोटी पर सीधा असर पड़ेगा। यात्रियों ने यह भी कहा कि यदि यात्रियों की संख्या को कारण बनाकर बस बंद की गई है तो प्रशासन को पहले जमीनी हकीकत देखनी चाहिए।
ऐसे में बस सेवा बंद करना जनता के हितों के खिलाफ है। अब देखना यह होगा कि यात्रियों की इस जायज मांग पर रोडवेज विभाग और संबंधित अधिकारी कब तक संज्ञान लेते हैं और यह सीधी बस सेवा दोबारा कब शुरू की जाती है।
वर्जन:
स्टाफ की कमी के चलते नांगल चौधरी से गुरुग्राम तक संचालित बस सेवा को बंद कर दिया गया है। हालांकि अलसुबह से नारनौल तक के लिए नियमित बसें चल रही हैं। आगामी दिनों में स्टाफ कमी को दूर कर उक्त सेवा शुरू कर दी जाएगी।
- देवदत्त, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो, नारनौल।