पत्नी और तीन बच्चे के हत्यारोपी तुलसी को पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है। पुलिस ने एक दिन के रिमांड पर हत्या में प्रयोग की गई कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। हत्या के पीछे पत्नी से विवाद का मामला सामने आया है।
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि दो सितंबर को आरोपी तुलसीदास ने तीन बच्चों और पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर फरार हो गया था। आरोपी तुलसीदास को गांव बारी छतरपुर मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया था। जिसे मंगलवार को कोर्ट में पेश करके एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। बधुवार को रिमांड की अवधि खत्म होने पर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत नसीबपुर जेल भेज दिया है। प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी ने मामूली बात पर पत्नी के साथ हुए झगड़े में हत्या जैसी संगीन वारदात को अंजाम दिया। आरोपी करीब तीन साल पहले में नारनौल में आया था और मिस्त्री का काम करता था। करीब आठ महीने पहले बच्चों को लेकर सिंघाना रोड पर आया था। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि एक सप्ताह से टेंशन था। उसे बीमार मां को देखने गांव जाना था। रुपयों का जुगाड़ नहीं हो रहा था, इसी वजह से पत्नी से कहासुनी हो गई। पत्नी ने ताने मारे और मां को भी अपशब्द बोला। पत्नी ने लाठी मारी और दोनों के बीच झगड़ा हो गया। शाम पांच बजे शराब पी और खाना खाया। सभी सो गए पर गुस्से में नींद नहीं आई। रात को घर मे रखी कुल्हाड़ी से पहले पत्नी के गर्दन पर वार करके मार दिया। उसके बाद तीनों बच्चों को भी मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने कहा कि उसने कभी बच्चों को नहीं डाटा था, लेकिन उस रात उसे पता नहीं क्या हो गया कि बच्चों को मार दिया।