मंडी अटेली। आशा कार्यकर्ता यूनियन हरियाणा संबंधित एआईयूटीयूसी की बैठक मंगलवार को राज्य महासचिव मधु की अध्यक्षता में अनाज मंडी में हुई। बैठक को एआईयूटीयूसी के जिला प्रधान मास्टर सुबे सिंह ने संबोधित किया।
बैठक में आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत बेहद मामूली मानदेय पर काम कर रही हैं। अधिकांश आशा कार्यकर्ता बेहद गरीब परिवारों से हैं। उन्हें न तो सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया गया है और न ही न्यूनतम वेतन मिल रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि यूनियन के साथ 17 नवंबर 2023 को हुई वार्ता की पालना भी आज तक नहीं हुई। संघर्षों से हासिल श्रमिक अधिकारों को भाजपा सरकार ने खत्म कर श्रमिक विरोधी 4 लेबर कोड थोप दिए हैं, जो स्कीम वर्कर्स के साथ-साथ सभी मेहनतकशों के खिलाफ हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आशा कार्यकर्ता 26 अक्टूबर को होने वाली किसान-मजदूर-छात्र-युवा-महिला महापंचायत में शामिल होंगी। इस अवसर पर आशा कार्यकर्ताओं की मांगों का ज्ञापन चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री के नाम उनके पीए गोपाल गोस्वामी को सौंपा गया।