कनीना। वीरवार को कृषि विभाग की टीम ने कनीना उपमंडल में खाद और बीज विक्रेताओं की दुकानों पर निरीक्षण किया। इस दौरान चार प्रतिष्ठानों से खाद और बीज के कुल 10 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशालाओं में भेजे गए।
फर्टिलाइजर इंस्पेक्टर एवं विषय विशेषज्ञ डॉ. योगेश यादव के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले इफको सेंटर कनीना का निरीक्षण किया। यहां से खाद के दो नमूने लिए गए। इसके बाद पुरानी अनाज मंडी स्थित एग्री स्टोर भूमेश कुमार और घमन लाल की दुकान की जांच की गई। यहां से गेहूं और सरसों के बीज का एक-एक नमूना लिया गया।
इसके बाद टीम ने आलोक खाद भंडार की दुकान और स्टोर का निरीक्षण किया। यहां से बीज के दो और खाद का एक नमूना लिया गया। वहीं, श्री यादव बीज भंडार से सरसों और गेहूं के बीज का एक-एक नमूना लिया गया। सभी नमूनों को सीलबंद करके रोहतक और सिरसा की प्रयोगशालाओं में भेजा गया है।
डॉ. योगेश यादव ने बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हरियाणा के निदेशक के विशेष निर्देश पर 4 से 30 नवंबर तक खाद और बीज की गुणवत्ता जांच का अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसानों को अच्छी गुणवत्ता की कृषि सामग्री उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने कहा कि जांच में किसी भी नमूने की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं पाई गई तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ बीज एवं खाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कनीना उपमंडल में खाद और बीज की कोई कमी नहीं है।
डॉ. यादव ने किसानों से अपील की कि वे जरूरत के अनसार ही खाद खरीदें और भारत सरकार के खेत बचाओ अभियान में सहयोग करें। अनुदानित खाद को दूसरे खंड में भेजना दंडनीय अपराध है। उन्होंने विक्रेताओं को भी किसानों को समय पर अच्छी गुणवत्ता की खाद और बीज उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।