फोटो नंबर-16मस्जिद में खड़े उर्स कार्यक्रम मनाने आए मुस्लिम समाज के लोग। संवाद
नारनौल। शहर के मियां की सराय क्षेत्र स्थित हजरत शाह बंदगी निजाम बंदगी की मजार पर शुक्रवार को उर्स का आयोजन हुआ जिसका पार्षद सहित क्षेत्रीय लोगों ने विरोध किया। हालांकि आयोजकों ने पहले से ही पुलिस-प्रशासन से अनुमति ले रखी थी इसलिए पुलिस ने फोर्स लगाकर शांतिपूर्वक उर्स संपन्न कराया।
वार्ड नंबर 18 पार्षद रेखा सैनी ने बताया कि ऐसे आयोजन यहां पहले कभी नहीं होते थे। कुछ दिनों से दूसरी जगहों से लोग आ रहे हैं। मोहल्लेवासियों और वार्ड पार्षद ने तनाव काे देखते हुए उर्स नहीं करने के लिए 20 अगस्त को पुलिस को पत्र दिया था, लेकिन आयोजन की पुलिस पहले ही अनुमति दे चुकी थी इसलिए 20 अगस्त को ही एसएचओ की ओर से पार्षद को पत्र भी लिखकर आयोजन होने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद पार्षद ने समारोह होने से यह कहते हुए मना कर दिया था कि मोहल्लेवासियों ने सलाह दी कि आपस में सहमति नहीं बन पाई इसलिए कार्यक्रम को नहीं करवाया जाए। मोहल्लावासियों की ओर से एसएचओ को भी पत्र लिखा गया था।
शुक्रवार को आयोजन होता देख सैकड़ों लोग जमा हो गए और विरोध शुरू कर दिया।
उर्स के आयोजनकर्ता मोहम्मद हनीफ गोरवाल ने कहा कि यह मस्जिद 400 साल पुरानी है। इसके बगल में ही हजरत शाह बंदगी निजाम बंदगी की मजार है इसलिए यहां आते रहते हैं। आज अमन-चैन की दुआ करने के लिए आए थे। वहीं, तनाव को देखते हुए पुलिस मुस्तैद रही। थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि उर्स शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हो गया है। कार्यक्रम को लेकर मोहल्ले के लोगों में विरोध था, उन्हें भी समझाया गया।