क्षेत्र में बन रहे लॉजिस्टिक हब में आंतरिक रेल लाइन बिछाने का 125 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया गया है। अब सरकार ने इसके लिए उपलब्ध जमीन को विकसित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
न्यू डाबला रेलवे स्टेशन से रेल लाइन, नारनौल से नहर का कच्चा पानी लाने की पाइपलाइन, डेरोली अहीर से बिजली की 220 केवी की लाइन और नेशनल हाईवे की फोरलेन सड़क आदि सभी काम पहले ही पूरे हो चुके हैं। अब आंतरिक विकास की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, इसमें प्रथम चरण में वर्तमान में उपलब्ध जमीन में आंतरिक रेल आवागमन के लिए रेल लाइन बिछाने का काम प्रारंभ होगा। इसके लिए 125 करोड़ रुपये की लागत के टेंडर जारी कर दिए गए हैं, जो अगस्त के तीसरे सप्ताह में खोले जाएंगे। दूसरी तरफ विवादित जमीन का मामला भी न्यायालय में अंतिम स्टेज पर लंबित है। इसका निर्णय कभी भी हो सकता है।
इसके अलावा पिछले 50 साल से बुढवाल माइनर नहर का निर्माण विभिन्न कारणों से लंबित था। अब यह मामला सुलझा लिया गया है और इसके निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है, जो अगस्त के दूसरे सप्ताह में खोला जाएगा। संभावना है कि सितंबर माह के प्रारंभ तक इसका निर्माण प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस नहर के निर्माण के बाद विशेष रूप से बुढ़वाल एवं राय मलिकपुर गांवों को फायदा होगा। इससे गांवों के जोहड़ों में पर्याप्त पानी भरकर रिचार्जिंग की जाएगी एवं फसल की सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा। पिछले 10 साल में इस तरह की उन सभी लंबित नहरों का निर्माण करवाया गया है, जिनकी जमीन पहले से अर्जित थी। इनमें से मुख्य रूप से नोलपुर डिस्ट्रीब्यूटरी का नियामतपुर मोरूंड तक विस्तार, कमानियां माइनर का विस्तार एवं दोस्तपुर माइनर का विस्तार सम्मिलित है। केवल बुढवाल माइनर शेष था, इसका काम अब प्रारंभ हो जाएगा।
- सरकार क्षेत्र में विकास को लेकर प्रतिबद्ध है। लॉजिस्टिक हब में आंतरिक रेल लाइन बिछाने का 125 करोड़ रुपए का टेंडर जारी कर दिया गया है। उपलब्ध जमीन को विकसित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही वर्षों से लंबित बुढवाल माइनर के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है।
डॉ. अभय सिंह, सिंचाई मंत्री