शहर महेंद्रगढ़ थाना के अंतर्गत एक मोहल्ले की निवासी 10 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को महेंद्रगढ़ कोर्ट में पेश किया जहां पर न्यायाधीश ने उसको न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पीड़ित पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह रेहड़ी लगा कर अपने परिवार का पालन पोषण करता है । उसके चार बच्चों में बड़ी बेटी तीसरी कक्षा में पढ़ती है । उसने बताया कि शनिवार को दोपहर लगभग 2 से 3 बजे गोल गप्पे का पानी गर्म हो गया था तो उसने घर पर फोन कर दस वर्षीय बेटी के हाथ बर्फ देकर भेजने के लिए बोला। उसकी लड़की आधे घंटे तक नहीं आई तो वो घर पर बणी के रास्ते से घर बर्फ लेने जा रहा था। रास्ते में बणी में उसकी लड़की रोती हुई मिली। उसने उसका कुछ नहीं बताया। जब उसको घर लेकर गया तो लड़की ने अपनी दादी को सारी बातें बताई तथा उसके बाद पिता ने थाना में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने पोस्को एक्ट के तहत मामला कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ घंटों बाद ही बुचौली रोड निवासी अनिल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां पर न्यायाधीश ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।