शहर की नगरपालिका गठन के 29 सालों के बावजूद भी शहर में एक भी स्थान पर पार्किंग का निर्माण नहीं करा पाई है जिसको लेकर अमर उजाला ने मुद्दा उठाया था। नगर पालिका ने इसको संज्ञान में लेते हुए रविवार को ही शहर में चार जगहों को चिह्नित करके पार्किंग बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 15 दिसंबर अमर उजाला में पार्किंग की नहीं सुविधा, सड़कों पर खड़े रहते है वाहन को प्रकाशित किया था। नगर पालिका ने रविवार को बालाजी चौक, नगर पालिका के सामने, किला के पिछे, हुड्डा पार्क के पास जगह को चिह्नित करके पार्किंग बनाने की प्रक्रिया शरू कर दी है।
बालाजी चौक के पास श्रीराधा कृष्ण कानौडिया धर्मार्थ ट्रस्ट जो तरविणी धर्मशाला के नाम से जाने जाती थी। यह जगह पिछले कई वर्षों से बंद पड़ी है लोग वहां पर गंदगी के ढ़ेर लगाए हुए थे। नपा चेयरमैन रमेश सैनी व जेई मनोज कुमार ने दो जेसीबी व ट्रॉली के माध्यम से सफाई करवाई गई।
बता दें कि शहर के मुख्य बाजारों में दुकानदार पहले ही अतिक्रमण किए हुए हैं और उसके बाद लोगों द्वारा पार्किंग के अभाव में सड़कों पर मनचाही जगह वाहन खड़े कर दिए जाते हैं जिससे अच्छी खासी चौड़ी सड़क एक संकरी गली बन जाती है। सिनेमा रोड़ पर पंजाब नेशनल बैंक एवं एसबीआई होने के कारण दोनों ओर वाहनों की पार्किंग होने से वहां प्रतिदिन जाम लग जाता है। इससे आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसे ही हालत शहर के शॉपिंग कांपलेक्स, शंकर मार्केट, गांधी मार्केट, रेलवे रोड, आईटीआई रोड, गोशाला रोड, विश्वकर्मा चौक, परशुराम चौक आदि स्थानों पर बनी हुई है। आए दिन शहर की मुख्य सड़कों एवं बाजरों में 5 हजार से अधिक वाहन सड़कों पर खड़े रहते हैं जो लोगों की परेशानियां बढ़ा रहे हैं। मुख्य बाजारों में सुबह व शाम के समय जाम जैसी स्थिति बनी रहती है। शहर में स्थाई पार्किंग के अभाव में लोग भी मनचाहे स्थानों पर वाहन पार्किंग करने को मजबूर हैं जिससे अच्छी खासी चौड़ी सड़कें भी सिमटकर रह जाती हैं।
अब नहीं होगी सड़कों पर बेतरतीब वाहनों से परेशानी
29 वर्षों से शहर में आबादी के साथ वाहनों की संख्या दो गुनी बढ़ गई है। प्रतिदिन शहर में अनुमानित दो हजार चौपहिया व तीन हजार दुपहिया वाहन बाजारों में सड़कों पर इधर-उधर खड़े रहते हैं। वाहनों की वजह सड़के संकरी हो जाती है और वहां जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। पार्किंग के अभाव में वाहन चोरी होने का खतरा रहता है। नपा के गठन के बाद अभी तक के कार्यकाल में अनेक बार पार्किंग की योजनाएं बनी लेकिन एक बार भी धरातल पर नहीं उतर पाई। नई सरकार के कार्यकाल को भी छह माह का समय बीत चुका है। पहली ही बैठक में पार्किंग के प्रस्ताव पर मुहर लगाकर डीएमसी को भेजी थी लेकिन अभी तक धरातल पर नहीं उतर पाई है। वहीं पुलिस भी आए दिन वाहनों का गलत पार्किंग होने के कारण चालान कर रही है लेकिन शहर में नपा द्वारा कहीं भी पार्किंग नहीं बनाई गई है जिसके चलते लोग भी मजबूरी वश वाहनों की पार्किंग कर रहे हैं। इस मौके पर शिव रतन मेहता, अश्वनी सोनी, संजय राठी सहित नपा कर्मचारी शामिल रहे।