झज्जर। पाटौदा स्थित निजी विश्वविद्यालय में शुक्रवार को 38वीं सब-जूनियर सॉफ्टबॉल नेशनल चैंपियनशिप की शुरुआत हुई। इसमें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने शिरकत की। नेशनल चैंपियनशिप में 17 राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही हैं और चैंपियनशिप 12 जनवरी तक चलेगी।
प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 17 राज्यों से लड़के और लड़कियों की कुल 34 टीमें भाग ले रही हैं जिनमें केरल, आंध्र प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, गुजरात सहित अनेक राज्यों की टीमें शामिल हैं।
शुक्रवार दोपहर तक खेले गए मुकाबलों में लड़कियों के वर्ग में तेलंगाना ने गोवा को 10-0 से पराजित किया जबकि महाराष्ट्र ने केरल को 1-0 से हराया। वहीं लड़कों के वर्ग में मध्य प्रदेश ने गुजरात को 1-0 से और जम्मू-कश्मीर ने दिल्ली को 4-3 से शिकस्त दी।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय सॉफ्टबॉल खिलाड़ी चिराग सांगवान को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया गया।
ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा है कि हार-जीत खेल का हिस्सा है लेकिन असली खिलाड़ी प्रतियोगिता हारने के बाद भी हिम्मत नहीं हारता और वो तब तक खेलता है जब तक कि जीत हासिल न हो जाए।
मौके पर सतवीर सैनी, जोगेंद्र सिंह डॉ. महिपाल यादव, अरविंद सैनी, डॉ. प्रवीण अलंकार, संतोष चौहान, सुभाष सिंह, रोहित सैनी, धीरज कुमार, जोगिंद्र आर्य मौजूद रहे।