नारनौल। जिले में तहसीलदारों के एक दिन के सामूहिक अवकाश पर जाने से रजिस्ट्री कार्य प्रभावित हुआ था। इसकी वजह से मंगलवार को रजिस्ट्री के लिए लोगों की तहसील कार्यालय में भीड़ रही।
जिले में 6 तहसील में प्रतिदिन करीब 100 से 120 रजिस्ट्री करने का कार्य किया जाता है, लेकिन सोमवार को हड़ताल होने के कारण कार्य प्रभावित रहा और रजिस्ट्री करवाने आने वाले लोगों को मायूस लौटना पड़ा। लोगों ने बताया कि उन्हें सामूहिक अवकाश की सूचना नहीं थी इसलिए वह अपने कार्य से अवकाश लेकर रजिस्ट्री का कार्य करवाने आए थे, लेकिन रजिस्ट्री नहीं होने के कारण अब उन्हें दोबारा आना पड़ा है। हालांकि सामूहिक अवकाश की समाप्ति के बाद मंगलवार को कार्य सुचारू रूप से जारी रहा। सभी तहसील में रजिस्ट्री करवाने के लिए लोग प्रतिदिन की तुलना में अधिक संख्या में पहुंचे।
नारनौल में की गई 29 रजिस्ट्री
जिले में तहसीलदार सोमवार को सामूहिक अवकाश के बाद मंगलवार को काम पर लौटे और जिले की प्रत्येक तहसील में रजिस्ट्री का कार्य सुचारू रूप से जारी रहा। मंगलवार को नारनौल में 29 रजिस्ट्री की गई।
कार्य से अवकाश लेकर सोमवार को रजिस्ट्री करवाने आया था। तहसीलदार अवकाश पर थे, जिस कारण रजिस्ट्री का कार्य नहीं हो पाया। इसलिए परेशानी का सामना करना पड़ा। -जयपाल सिंह, गांव-बड़कोदा
सोमवार को सामूहिक अवकाश होने के कारण यह संशय बना हुआ था कि मंगलवार को रजिस्ट्री करवाने का कार्य किया जाएगा या नहीं, लेकिन मंगलवार को कार्य सुचारू रूप से जारी रहा। भीड़ अधिक होने से कुछ परेशानी हुई। -सुरेंद्र नंबरदार, गांव-खत्रीपुर
लंबित मांगों को लेकर तहसीलदार सोमवार को सामूहिक अवकाश पर थे। जिले की सभी 6 तहसील में प्रतिदिन 100 से ज्यादा रजिस्ट्री की जाती है। हालांकि मंगलवार को सभी तहसील में रजिस्ट्री का कार्य सुचारू रूप से जारी रहा।- राकेश कुमार, कार्यवाहक तहसीलदार