फोटो नंबर-04जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय नारनौल।
नारनौल। निपुण हरियाणा मिशन के तहत अब शिक्षकों के विषय ज्ञान, शिक्षण कौशल और गतिविधियों में भागीदारी का लगातार आकलन किया जाएगा। खास बात यह है कि छह दिन के प्रशिक्षण के तीसरे दिन शिक्षकों की परीक्षा होगी और इसमें प्राप्त अंक उनके प्रमाणपत्र पर भी दर्ज किए जाएंगे। जिले में प्रशिक्षण की शुरुआत 21 सितंबर से होगी।
प्रशिक्षण के नए ढांचे का उद्देश्य यह जानना है कि शिक्षक प्रशिक्षण में बताई गई तकनीकों को कितना समझ रहे हैं और उन्हें कक्षा में किस तरह लागू कर सकते हैं। इसके लिए शिक्षकों को गतिविधि आधारित शिक्षण का अभ्यास कराया जाएगा।
निपुण हरियाणा प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को अलग-अलग गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। इससे उनके व्यावहारिक कौशल को भी परखा जाएगा। परीक्षा और लगातार होने वाले आकलन से यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि प्रशिक्षण का वास्तविक लाभ शिक्षकों के शिक्षण कार्य में कितना दिखाई दे रहा है।