फोटो संख्या:82- राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों को प्रशिक्षण देते
कनीना। मॉडल संस्कृति राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनीना में वीरवार को सेंसस ग्रुपिंग असेसमेंट को लेकर शिक्षकों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। विद्यालय के प्राचार्य सुनील खुडानिया ने कहा कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता की जांच दो चरणों में की जाएगी। इसी उद्देश्य से सेंसस आधारित ग्रुपिंग गतिविधि चलाई जा रही है। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को इस कार्यक्रम की पूरी प्रक्रिया, उद्देश्य और कार्यप्रणाली से अवगत कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में शिक्षकों को विभाग द्वारा विकसित ऑनलाइन एप के संचालन की भी विस्तृत जानकारी दी गई है, ताकि वे विद्यार्थियों के आंकलन का डेटा सही तरीके से अपलोड कर सकें।
इस प्रशिक्षण में खंड के 87 प्राथमिक शिक्षक शामिल हुए। प्रशिक्षण के उपरांत सभी शिक्षकों का पोस्ट टेस्ट भी लिया गया। प्राचार्य ने बताया कि हरियाणा में गतिविधि आधारित पद्धति से कक्षा पहली से तीसरी तक के प्रत्येक विद्यार्थी का आंकलन किया गया।
कमजोर प्रदर्शन वाले विद्यार्थियों के अधिगम परिणामों में सुधार के लिए शिक्षकों को आवश्यक मार्गदर्शन और प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और प्रत्येक विद्यार्थी तक प्रभावी शिक्षण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।