उपायुक्त अतुल कुमार के निर्देश पर जिला टास्क फोर्स कमेटी ने शुक्रवार को महेंद्रगढ़ खंड के कई गांवों में क्रेशर जोन व खनन का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान गढ़ी खुडाना में पिछले दिनों सील किए हुए सदाशिव स्टोन क्रेशर की सील टूटी हुई मिली। इस पर प्रदूषण विभाग ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिला टास्क फोर्स की टीम ने आज गांव गढ़ी खुड़ाना, जेरपुर, मांडोला, राजावास, डिगरोता व उस्मापुर में औचक निरीक्षक किया। टीम को गढ़ी खुड़ाना में प्रदूषण विभाग द्वारा पिछले दिनों सील किए गए सदाशिव स्टोन क्रेशर की सील टूटी हुई मिली। इस क्रेशर को प्रदूषण विभाग ने नोटिस भी दिया हुआ है इसके बावजूद इसकी सील तोड़ी हुई थी।
प्रदूषण विभाग ने इस क्रेशर के मालिकों के खिलाफ आगामी कार्रवाई के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। टीम ने आज 20 क्रेशरों का निरीक्षण किया।
इस दौरान लेबर विभाग ने क्रेशर मालिकों को निर्देश दिए कि वे सभी मजदूरों को पंजीकृत कराएं। खनन अधिकारी बीआर वशिष्ठ ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
जिले में किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। इस मौके पर जिला खनन अधिकारी बीआर वशिष्ठ, सहायक भू वैज्ञानिक राकेश कुमार, एसडीओ प्रदूषण आरके भौसले, रेंज ऑफिसर प्रेम कुमार, खनन निरीक्षक राजेश कुमार और पुलिस बल मौजूद रहा।