महेंद्रगढ़। शहर स्थित राजकीय महाविद्यालय में आयोजित योगासन प्रतियोगिता में तनुज ने प्रथम, नितिन ने द्वितीय व मनोज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में योग के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना व स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विजय यादव ने किया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन व आत्मा के संतुलन का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन की कुंजी बताते हुए सभी को दैनिक जीवन में योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के योग क्लब प्रभारी प्रो. डॉ. कैप्टन शमशेर सिंह ने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया और विद्यार्थियों को योग के वैज्ञानिक, शारीरिक, मानसिक व आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से एकाग्रता, आत्मविश्वास व कार्यक्षमता में वृद्धि होती है व अनेक रोगों से बचाव संभव है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के उपप्राचार्य डॉ. बलजीत सिंह, प्रो. जितेंद्र कुमार वशिष्ठ मौजूद रहे।