नांगल चौधरी। नांगल चौधरी उप मंडल के गांव शहबाजपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जल जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन नांगल चौधरी के द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य विकास जयदीप ने की। वहीं विभाग की तरफ से खंड संसाधन संयोजक नीशू ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन करवाया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को जल जीवन मिशन एवं जल स्वच्छता एवं संचयन संबंधित जानकारी प्रदान करना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों को जल जीवन मिशन पर आधारित वीडियो भी दिखाए गए। जिनके माध्यम से वैश्विक स्तर पर आने वाले जल संकट के बारे में विस्तार से समझाया गया। वही नीशू ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत हरियाणा के प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल सप्लाई कराया जा रहा है। जल जीवन मिशन को सफल बनाने के लिए सामुदायिक सहयोग बहुत ही आवश्यक है और विद्यार्थी भी उसमें अपनी भूमिका निभा सकते हैं। इस दौरान आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में तमन्ना ने प्रथम, खुशबू ने दूसरा तथा नचिता ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। सभी बच्चों ने पेंटिंग के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रवक्ता वेदप्रकाश व प्रवक्ता पूजा सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।