संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। गांव बड़कोदा में मकर संक्रांति पर प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभावान विद्यार्थियों को ग्राम पंचायत की तरफ से सम्मानित किया गया। इस समारोह में मुख्य अतिथि प्रदेश के रूप में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री ओमप्रकाश यादव रहे। उन्होंने गांव के 21 लड़के-लड़कियों को उनके द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट स्थान पाने के लिए सम्मानित किया। साथ ही प्रत्येक बच्चे को 11 हजार रुपये का अनुदान देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गांव पंचायत द्वारा यह एक बहुत अच्छी पहल है जिसमें गांव के होनहार लड़के-लड़कियों को सम्मानित किया जा रहा है। इस सम्मान से इन बच्चों का हौसला बढ़ेगा, साथ ही गांव के उन बच्चों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा जो अपनी पढ़ाई अपने-अपने क्षेत्र में कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेहनत कभी विफल नहीं जाती जो बच्चा पढ़ेगा वह जरूर कामयाब होगा। इस मौके पर सरपंच प्रतिनिधि राजेंद्र यादव, सरपंच पूनम यादव, जितेंद्र कुमार, नरेश शर्मा, हनुमान मास्टर, कृष्णा नंबरदार व शिवदत्त मौजूद रहे।