नारनौल। पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में जिले के होटल संचालकों के साथ बैठक की। उन्होंने होटल संचालकों को होटल में ठहरने वाले लोगों का विवरण दर्ज करने और उनका परिचय पत्र लेने का निर्देश दिया।
बैठक का उद्देश्य जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना और होटलों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए होटल संचालकों के साथ समन्वय स्थापित करना था। इस बैठक में डीएसपी हरदीप सिंह भी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने होटल संचालकों को निर्देश देते हुए कहा कि होटल में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति की आईडी लें और रजिस्टर में दर्ज करें। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की कम आयु के बच्चों को कमरा किराए पर ना दें। जिस भी व्यक्ति को कमरा किराए पर दें, उसका नाम, मोबाइल नंबर, पता रजिस्टर में लिखें। होटल में सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे चालू रखे, यदि कैमरे खराब हैं तो उन्हें चालू कराएं। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि हर समय पोर्टल पर अपने होटल की डिटेल्स दर्ज करें।
सभी होटल संचालकों से कहा गया कि वे अपने होटल में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का विस्तृत और सही रिकॉर्ड एक रजिस्टर में अनिवार्य रूप से रखें। इस रजिस्टर में अतिथि का नाम, पता, पहचान का प्रकार और आईडी नंबर, आगमन और प्रस्थान की तिथि और समय स्पष्ट रूप से दर्ज होना चाहिए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि होटल संचालक इन निर्देशों का गंभीरता से पालन करें और जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।