महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय जाट पाली में 7 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सिंथेटिक ट्रैक के लिए प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है। केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से इस परियोजना को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। साथ ही खेल सुविधाओं के मूलभूत ढांचे के विकास के लिए पत्र भेजकर हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय से सुझाव भी मांगे गए हैं।
गांव पाली के सरपंच देशराज के नेतृत्व में विकास व निगरानी समिति सदस्य संदीप मालड़ा के साथ एक दर्जन से अधिक ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह से मुलाकात की थी। सांसद ने आश्वासन दिया था कि विश्वविद्यालय परिसर में खेल संबंधित सुविधाओं व राष्ट्रीय स्तर का खेल संस्थान खुलवाने का प्रयास करेंगे और इसके लिए गांव को अतिरिक्त जमीन देने की आवश्यकता नहीं होगी।
सांसद ने लोकसभा में उठाया था मुद्दा
सांसद ने लोकसभा में मामला उठाया था। इसके परिणामस्वरूप अब केंद्रीय विश्वविद्यालय में सात करोड़ की लागत से 400 मीटर के आठ लाइन सिंथेटिक ट्रैक बनाएं जाने को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। सिंथेटिक ट्रैक बनने से ना सिर्फ केंद्रीय विश्वविद्यालय में पढ़ रहे विद्यार्थियों को लाभ होगा बल्कि आसपास के क्षेत्र के खिलाड़ियों को भी इसका लाभ मिलेगा। साथ ही यहां राज्य व राष्ट्रीय स्तर के मुकाबले आयोजित कराए जा सकेंगे। साथ ही केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से जारी पत्र में हकेंवि को 15 दिनों में सूचना भेजने के निर्देश भी दिए हैं।