फोटो संख्या:61- हत्या के आरोपियों को मेडिकल करवाने को लेकर जाती पुलिस---संवाद
महेंद्रगढ़। फाइनेंसर हत्याकांड में पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कपिल को शक था कि मृतक दिनेश उसकी मां से बात करने की कोशिश कर रहा था। इसी शक को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था जो बाद में इस वारदात में बदल गया। शुक्रवार को पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इससे पहले तीन आरोपी गांव बवानियां निवासी कपिल, गांव सिसोठ निवासी राहुल और महेंद्रगढ़ निवासी आरव गिरफ्तार हो चुके हैं। चारों आरोपी दोस्त हैं जबकि एक आरोपी नाबालिग है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल हथियार, वाहन और अन्य सबूतों को बरामद किया जाएगा।
मृतक दिनेश आरोपियों को गांव माजरा स्थित हर्बल पार्क में मिला था। इसके बाद आरोपी उसे कार में बैठाकर गांव बूचावास रेलवे लाइन के पास ले गए जहां उसके साथ मारपीट की गई जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल जांच में किसी अन्य आरोपी के शामिल होने की पुष्टि नहीं हुई है लेकिन पुलिस कि जांच जारी है और यदि आगे कोई तथ्य सामने आता है तो कार्रवाई की जाएगी।
-
- वर्जन:
पुलिस को हत्या की सूचना मिली थी। सीआईए महेंद्रगढ़, थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम का गठन किया गया जिसने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को काबू कर लिया है। इस मामले में पुलिस की जांच जारी है।
-फैजल खान, एएसपी पुलिस, महेंद्रगढ़
फोटो संख्या:61- हत्या के आरोपियों को मेडिकल करवाने को लेकर जाती पुलिस---संवाद