प्रदेश सरकार की गांवों को लाल डोरा मुक्त बनाने की स्वामित्व स्कीम के तहत सतनाली में मैपिंग के अनुसार सर्वे का काम तेजी से जारी है। ग्राम सचिव अनिल कुमार ने बताया कि गांवों को लाल डोरा मुक्त करने के लिए चलाई गई स्वामित्व योजना के तहत सतनाली में पैमाइश, ड्रोन मैपिंग आदि का कार्य पूरा हो चुका है।
अब लाल डोरा के अंदर आने वाले मकानों की मैपिंग के अनुसार सर्वे कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा प्रथम चरण का मैप जारी किया जा चुका है। जिसके आधार पर सतनाली में लाल डोरा क्षेत्र में मकानों की सर्वे शुरू कर दी गई है। सर्वे टीम में पटवारी, नंबरदार व चौकीदार आदि शामिल हैं। सर्वे कर रही टीम में ग्राम सचिव अनिल कुमार, पटवारी अमित कुमार, नंबरदार मुरारी लाल, लीला सिंह, भंवर सिंह, कंवरसैन, पंच संतू शेखावत, रविंद्र शेखावत आदि मौजूद रहे। नायब तहसीलदार प्रकाशवीर राव ने बताया कि स्वामित्व स्कीम के अंतर्गत राजस्व विभाग की टीम के माध्यम से तेजी से कार्य किया जा रहा है। जमीनों के लाल डोरे से मुक्त होने और मालिकाना हक मिलने से लोगों को फायदा मिलेगा । लाल डोरे से मुक्त होने के बाद मकानों की रजिस्ट्री होने से व्यक्ति अपने मकान का मालिक बन जाएगा।