शहर में सीवरेज व पेयजल व्यवस्था को ओर मजबूत किया जाएगा। इसे लेकर मंगलवार को राज्यमंत्री ओमप्रकाश यादव ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान नारनौल शहर में सामने आ रही सीवरेज व पेयजल समस्या पर चर्चा की गई।
राज्यमंत्री ओमप्रकाश यादव ने अधिकारियों से कहा कि नारनौल शहर की गलियों का सर्वे कराया जाए और यह पता लगाया जाए कि किसी गली- मोहल्ले में सीवर-पानी की लाइन नहीं बिछाई गई है। ऐसे जगहों पर नियमानुसार सीवरव पानी की पाइप लाइन डाली जाए। राज्यमंत्री ने कहा कि बहरोड रोड व मालीटिबा में सीवर व्यवस्था के लिए टीबी अस्पताल में बने डिस्पोजल को शुरू किया जाए। धोबी जोहड़ में बने बूस्टिंग स्टेशन को आरंभ किया जाए। धोबी जोहड़ की चारदीवारी का निर्माण करें। ओपी यादव ने कहा कि किला रोड से होते हुए काठमंडी व अग्रसेन चौक एरिया में 600 एमए आरसीसी पाइप लगाया जाए ताकि यह दोबारा अव्यवस्था ना फैले। राज्यमंत्री ने अधिकारियों से रामनगर में डिस्पोजल को चालू करवाने के बारे में पूछा तो अधिकारियों का जवाब था कि चालू है। जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन सुनील रंगा व अन्य अधिकारियों को आदेश दिया कि शहर के लोगों को स्वच्छ पानी व सीवर की सुविधा सुनिश्चित की जाए। पानी व सीवर को लेकर किसी भी कोताही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि शहर में जहां-जहां सीवरेज का कार्य अधूरा है, तुरंत पूरा किया जाए। इस मौके पर जनस्वास्थ विभाग के एक्सईएन सुनील रंगा, जेई नितिन कुमार, नगर परिषद ईओ केके यादव सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।