मंडी अटेली। नारनौल-रेवाड़ी सड़क से 6 किलोमीटर की दूरी पर स्थित अटेली क्षेत्र के गांव बौचड़िया व गिरधरपुर के लिए रोडवेज बस सेवा उपलब्ध नहीं है। जिस कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि नारनौल-रेवाड़ी सड़क पर दिन भर रोडवेज बस का आवागमन रहता है। लेकिन गिरधरपुर और बौचड़िया गांव के लिए बस की सुविधा नहीं होने के कारण निजी वाहनों से महंगा सफर करना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि सबसे ज्यादा परेशानी का सामना सुबह स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को करना पड़ता है। क्योंकि बस की सुविधा नहीं होने के कारण छात्र पैदल 6 किलोमीटर का सफर तय करते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द गिरधरपुर और बौचड़िया गांव के लिए सुबह, दोपहर और शाम के समय बस की सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की है।