सर्वर चालू होने के बाद वीरवार को कॉलेज के विद्यार्थियों ने फीस जमा कराई। महिला कॉलेज प्रशासन ने छात्राओं की दिक्कतों को देखते हुए ऑनलाइन फीस जमा करने के लिए स्वाइप मशीन लगा दी। अधिकतर छात्राओं ने स्वाइप मशीन के जरिए ही अपनी फीस जमा कराई। पहले दिन पीजी कॉलेज तथा महिला कॉलेज में करीब 90 विद्यार्थियों ने फीस जमा कराई।
उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने सोमवार को कॉलेजों की पहली मेधा सूची जारी की गई थी, जिसके अनुसार मंगलवार को चालान जरनेट कर फीस जमा कराने की प्रक्रिया शुरू होनी थी। मंगलवार को उच्चतर शिक्षा विभाग की वेबसाइट हैंग होने के कारण चालान नहीं बनाए जा सके। इस कारण विद्यार्थियों को बिना फीस जमा कराए ही वापस लौटना पड़ा था। वीरवार को सुबह से ही साइट चालू हो गई। जिसके बाद छात्र छात्राओं को चालान दिए गए। इन चालान के अनुसार विद्यार्थियों ने फीस जमा कराई। कॉलेज में नकद फीस नहीं ली जा रही। फीस को ऑनलाइन तरीके से ही जमा कराया जाना है। जिसमें महिला कॉलेज ने छात्राओं की सुविधा के लिए स्वाइप मशीन लगा दी है, जिसके जरिए छात्राएं अपने एटीएम कार्ड से भी फीस जमा करा सकती हैं। वीरवार को 38 से अधिक छात्राओं ने दाखिला लेते हुए फीस जमा कराई। छात्र छात्राओं की मदद के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी संघ ने हेल्प डेस्क लगाई। जिसमें मौके पर ही विद्यार्थियों की समस्या का समाधान किया गया। फीस जमा करने के तरीके, चालान तैयार करने के तरीके, जरूरी दस्तावेज, ऑनलाइन फीस के बारे में बताया गया।
वर्जन
फिलहाल विद्यार्थियों को किसी तरह की दिक्कत नहीं आ रही। वीरवार को साइट सही तरीके से चालू रही। फीस जमा कराने के लिए कई तरह के ऑप्शन दिए गए हैं। मोबाइल बैंकिंग, नेट बैंकिंग, बैंक में जाकर भी फीस जमा करा सकते हैं। जरूरत पड़ने पर कॉलेज की ओर से स्वाइप मशीन की सुविधा दी जाएगी।
- मुकेश कुमार, नोडल अधिकारी, पीजी कॉलेज, महेंद्रगढ़
वर्जन
छात्राओं की मदद के लिए स्वाइप मशीन लगाई गई है। अधिकतर छात्राएं अपने एटीएम कार्ड से भी फीस जमा करवा रही हैं। चालान तैयार करने में किसी प्रकार दिक्कत नहीं आ रही। दाखिला प्रक्रिया सामान्य तरीके से चल रही है।
- संजय जोशी, कार्यकारी प्राचार्य, महिला कॉलेज महेंद्रगढ़