नारनौल। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने सोमवार दोपहर बाद आनलाइन दाखिले के लिए रजिस्ट्रेशन के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी। दोपहर चार बजे आनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल पर लिंक डाला गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने आनलाइन आवेदन करना शुरू किया। फिलहाल पहले दिन कितने आवेदन आए हैं, इसकी जानकारी मंगलवार को लग सकेगी। वहीं कॉलेजों ने दाखिला प्रक्रिया को लेकर अपनी तैयारी पूरी कर रखी है। कॉलेजों में हेल्प डेस्क बनाए गए हैं ताकि विद्यार्थियों को जानकारी प्रदान की जा सके और किसी प्रकार की दिक्कत आने पर उसे दूर किया जा सके। पोर्टल पर विभाग की तरफ से गाइडलाइन भी दी गई है। इसमें बताया गया है कि रजिस्ट्रेशन फीस 100 रुपये लगेगी। विद्यार्थी रजिस्ट्रेशन करते समय अपना नाम, ई-मेल, मोबाइल नंबर को सही तरह से भरे। यह दोबारा एडिट नहीं किए जा सकेंगे। मोबाइल नंबर और ई-मेल ऐसे होने चाहिए, जिनका प्रयोग ओटीपी के लिए किया जा सके। पासवर्ड विद्यार्थी द्वारा सेट किया जाएगा। पासवर्ड कम से कम 8 और ज्यादा से ज्यादा 20 करेक्टर का होगा।
28 तक होंगे आवेदन
राजकीय महिला कॉलेज की नोडल ऑफिसर सुनीता ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। रजिस्ट्रेशन 28 जून तक होंगे। उसके बाद 30 जून तक कॉलेजों द्वारा आनलाइन डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन की जाएगी। पांच से 20 जुलाई के बीच को पहली लिस्ट लगाई जाएगी। इसी दौरान फीस जमा करवानी हाेगी। सीट बचने पर दूसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी। 21 जुलाई से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।