फोटो संख्या:51- जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय महेंद्रगढ़---संवाद
महेंद्रगढ़। क्या आपके दिमाग में कोई नया वैज्ञानिक आइडिया है? अगर हां, तो देर मत कीजिए, क्योंकि इंस्पायर मानक अवाॅर्ड के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 10 अक्तूबर है। जिला के सभी राजकीय और निजी स्कूलों के विद्यार्थी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।
शिक्षा विभाग ने कक्षा छठी से 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों से आवेदन मांगे हैं। अब तक जिला के निजी और राजकीय स्कूलों के 1380 विद्यार्थी आवेदन कर चुके हैं। हालांकि निजी स्कूलों की भागीदारी कम है और केवल 25 स्कूलों के विद्यार्थी ही इसमें शामिल हुए हैं।
विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए विभाग ने इंस्पायर मानक योजना शुरू की है। इसके तहत हर साल उनकी बौद्धिक क्षमता परखने के लिए आइडिया मांगे जाते हैं। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की इस योजना में विद्यार्थी अपना वैज्ञानिक आइडिया विभागीय वेबसाइट पर अपलोड कर सकते हैं।
इस योजना को स्टार्टअप इंडिया पहल से भी जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों में छोटी उम्र से ही विज्ञान की पढ़ाई के प्रति रुचि जगाना और उन्हें वैज्ञानिक अनुसंधान को भविष्य बनाने के लिए प्रेरित करना है। चयनित विद्यार्थियों को जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में मॉडल बनाकर प्रस्तुत करना होगा।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ रविंद्र कुमार ने बताया कि आवेदन की प्रक्रिया 10 अक्तूबर को समाप्त हो रही है। सभी इच्छुक विद्यार्थी समय रहते आवेदन करें। आइडिया भी अपलोड करना होगा।