नारनौल। स्नातक की खाली सीटों पर दाखिले को लेकर पोर्टल 28 अगस्त को बंद हो जाएगा। विद्याथीZ 28 अगस्त तक फिजिकल काउंसिलिंग से दाखिला ले सकते हैं।
पीजी कॉलेज में बीसीए, बीबीए व बीएससी लाइफ साइंस को छोड़कर सभी संकायों में 35 से 40 प्रतिशत सीटें खाली हैं। इसी प्रकार स्नातकोत्तर की पूरी सीटों पर दाखिले नहीं हो पाए हैं जबकि स्नातकोत्तर कक्षाओं में 19 अगस्त दाखिले की अंतिम तिथि थी। जिले में अधिकांश महाविद्यालय ऐसे हैं, जिनमें यूजी व पीजी के विभिन्न संकायों सीटें रिक्त बची हैं।
पिछले कुछ वर्षों के दौरान विद्यार्थियों में उच्च शिक्षा के प्रति रुझान कम देखने को मिल रहा है। यहीं कारण है कि कॉलेजों में हर बार 35-40 प्रतिशत सीटें रिक्त रह जाती हैं। यहीं नहीं रोजगारपरक कोर्स की सीटों पर शत-प्रतिशत दाखिले नहीं हो पा रहे हैं। बची सीटों को भरने के लिए कॉलेज प्रशासन के आग्रह पर उच्चतर शिक्षा विभाग ने 4 अगस्त से दोबारा प्रवेश पोर्टल खोला था। इस दौरान भी दाखिलों को लेकर छात्रों में ज्यादा उत्साह देखने को नहीं मिला। हालांकि विद्यार्थी 28 अगस्त तक आवेदन व फिजिकल काउंसिलिंग से दाखिला प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
इस बारे में दाखिला प्रभारी डॉ. सतीश सैनी ने बताया कि जिले में नए कॉलेज खुलने और छात्रों की रुचि बाहर पढ़ने के कारण दाखिलों में कुछ कमी रही है। अभी बहुत से छात्रों ने मेरिट सूची में नाम आने के बाद दस्तावेजों की जांच नहीं करवाई है। ऐसे छात्र जल्द अपने दस्तावेजों की जांच करवाएं अन्यथा उनके रोल नंबर नहीं आएंगे। उन्होंने बताया कि दाखिले से वंचित छात्र 28 अगस्त तक फिजिकल काउंसिलिंग से दाखिला ले सकते हैं। दाखिला प्रभारी ने बताया कि अब कॉलेज में पढ़ाई भी नियमित रूप से शुरू हो गई है।
इंसेट
महिला कॉलेज में बीए की सबसे अधिक सीटें खाली
महिला कॉलेज में यूजी के विभिन्न संकायों की 40 प्रतिशत सीटें अभी भी रिक्त हैं। कला संकाय में 358 सीटें रिक्त हैं। कॉमर्स संकाय में 93 सीटें, बीएससी लाइफ साइंस संकाय में सबसे कम 7 सीटें तथा बीएससी फिजिकल साइंस संकाय में 18 सीटें अभी रिक्त हैं। यूजी के विभिन्न संकाय की कुल 1200 सीटों में 724 सीटों पर अभी तक दाखिले हुए हैं। इस प्रकार 60 प्रतिशत सीटें अभी तक भर पाई है।
इंसेट
पीजी कॉलेज में 45 प्रतिशत अधिक सीटें रिक्त
पीजी कॉलेज में यूजी के विभिन्न संकायों की 1540 सीटें है। इनमें 802 सीटों पर दाखिल अभी तक हो चुके हैं। इस प्रकार 45 प्रतिशत से अधिक सीटें अभी रिक्त बची हैं। इनमें सबसे अधिक सीटें कला संकाय में करीब 320 सीटें, बीकॉम में 155 तथा फिजिकल साइंस संकाय 248 सीटें रिक्त है। वहीं पीजी कोर्स में भी विभिन्न संकायों 30 प्रतिशत से अधिक सीटें रिक्त हैं।